Friday, October 29, 2021

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से सभी निगम पार्षदों को दिए निर्देश

 



दिल्ली का हर एक नागरिक स्वस्थ रहे, यह निगम की पहली प्राथमिकता है-आदेश गुप्ता

डेंगू को नियंत्रित करने के लिए भाजपा शासित निगम महा अभियान चला रही है-आदेश गुप्ता

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने आज वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी निगम पार्षदों को डेंगू और चिकनगुनिया मुक्त दिल्ली बनाने के लिए निर्देश दिए। श्री आदेश गुप्ता ने बताया कि दिल्ली का हर एक नागरिक स्वस्थ रहे, यह निगम की पहली प्राथमिकता है। यही कारण है कि भाजपा शासित निगम एक महा अभियान चला रहा है जिसके अंतर्गत डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी बीमारियों से दिल्ली को मुक्त किया जा सके।  

श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि डेंगू के खिलाफ चलाये जा रहे इस विशेष अभियान के समन्वयक प्रदेश उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा जी होंगे एवं उत्तरी दिल्ली नगर निगम को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजीव बब्बर, दक्षिण दिल्ली नगर निगम को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजन तिवारी एवं पूर्वी दिल्ली नगर निगम को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गोयल देवराहा नेतृत्व के साथ देखेंगे। उन्होंने कहा कि डेंगू और जल जमाव से उत्पन्न होने वाली बीमारियों के प्रति निगम पूरी तरह सतर्क है और हमारे डीबीसी कर्मचारी काफी सतर्कता के साथ एक-एक वार्ड में जाकर सफाई अभियान के साथ-साथ स्मॉग फॉगिंग, नालों की सफाई करना, कूड़े के ढ़ेर को न लगने देने जैसे काम काफी तेजी से निगमों द्वारा किया जा रहा है। खुद भाजपा के निगम पार्षद इस काम में स्वयं कर्मचारियों के साथ जा रहे हैं। 

उन्होंने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हम ‘झुग्गी सम्मान यात्रा’ कर रहे हैं, वहां सभी जगह जल जमाव दिखाई देता है। पीडब्ल्यूडी, डीएसआईआईडीसी, दिल्ली जलबोर्ड और डीयूएसआईबी जैसी दिल्ली सरकार की एजेंसियां जो केजरीवाल सरकार के अंदर आती हैं, ये सभी पूरी तरह से फेल हुई है, क्योंकि नालों की सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है और ना ही पानी की कोई निकासी है। इसलिए लोग नारकीय जीवन जीने पर मजबूर हैं।

श्री आदेश गुप्ता ने कहा है कि नगर निगम दिल्ली को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए कटिबद्ध है।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.