Thursday, February 24, 2022

केजरीवाल सरकार ने आज तक कृषि मंत्रालय क्यों नहीं बनाया-हर्ष मल्होत्रा

केजरीवाल के अनुसार दिल्ली में खेती करना पाप है-सतीश उपाध्याय नई दिल्ली, 24 फरवरी। दिल्ली देहात के किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर केजरीवाल के निवास के बाहर पिछले 16 दिनों से धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी मांगों को सुनने के लिए केजरीवाल सरकार तैयार नहीं है। विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले सात सालों में केजरीवाल दिल्ली के अन्नदाताओं को तो उनका हक और अधिकार दे नहीं पाए और दूसरे राज्यों में जाकर किसान के हक की बात करते हैं। इस तरह की दोहरी नीति का भाजपा सरकार विरोध करती है। श्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली के किसान आज पिछले 16 दिनों से धरने पर बैठे हैं लेकिन दिल्ली की केजरीवाल सरकार उनकी मांग मानना तो दूर उनका कोई भी मंत्री बात करने तक नहीं आया। इससे अधिक दुर्भाग्य की बात और क्या हो सकती है कि आज तक कृषि मंत्रालय नहीं बन पाया क्योंकि केजरीवाल सरकार एक ऐसी सरकार है जिसे ना ही किसानों की चिन्ता है और ना ही मजदूरों की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार द्वारा जब तक किसानों की 24 मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक किसानों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ धरना नहीं बल्कि अपने अधिकार एवं हक की लड़ाई है और इस लड़ाई में भाजपा हमेशा ही किसानों के साथ खड़ी है। किसान मोर्चा अध्यक्ष श्री विनोद सहरावत के नेतृत्व में हो रहे इस किसान प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख श्री नवीन कुमार जिंदल, मोर्चे के महामंत्री श्री राजपाल राणा एवं श्री अनूप चौधरी, श्री अजय सोंलकी, डॉ रविन्द्र अशोक, श्री प्रवेश गुप्ता एवं श्री बाके पहलवान सहित अन्य किसान मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद थे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली के किसानों को ना ही मुफ्त बिजली, ना ही पानी और उन्हें ट्रैक्टर, खाद एवं कृषि उपकरण खरीदने पर सब्सिडी देने का भी काम केजरीवाल नहीं कर रही हैं। ऊपर से 5 प्रतिशत ग्रीन टैक्स लगा दिया गया। ऐसे में किसान क्या करें? क्या दिल्ली में खेती करना कोई पाप तो नहीं है? उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कुछ करने की जगह उन्होंने सिर्फ वसूली करने का काम किया। अपनी घोषणा पत्र में बड़ी-बड़ी बात करने वाले केजरीवाल सरकार ने किसानों के लिए कुछ किया ही नहीं। श्री सतीश उपाध्याय ने कहा कि किसानों एवं अन्नदाताओं के बारे में जिसने नहीं सोचा उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। केजरीवाल सरकार ने पिछले सात सालों में किसानों का दोहन एवं शोषण किया है। किसान जब तक खुशहाल नहीं होगा तब तक कृषि प्रधान देश में कोई भी सत्ता सही तरीके से नहीं चल सकती। यह आंदोलन जनता का आंदोलन है और जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक किसान अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.