Thursday, May 16, 2024

हर वर्ग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने को तत्पर : पुष्कर सिंह धामी

 


इंडी गठबंधन सरकार बनाने के लिए नहीं, पार्टियों का अस्तित्व बचाने के लिए चुनावी मैदान में: पुष्कर सिंह धामी

हरियाणा की जनता इस बार फिर परिवारवाद को छोड़कर विकासवाद का साथ देगी: पुष्कर सिंह धामी

विपक्ष स्लीपर सैल की तरह प्रोपगेंडा के तहत भ्रम फैला रहा: धामी

 दिल्ली, । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोहतक में कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी पार्टियों का अस्तित्व बचाने के लिए है। इंडी गठबंधन भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण की राजनीति करके उसी वोट बैंक को आगे बढ़ाने का गठबंधन है जिसे कांग्रेस आजादी के समय से करती आ रही है। रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय मंगल कमल में प्रेसवार्ता के दौरान उत्तराखंड के सीएम ने आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर लिया। वहीं धामी ने मोदी सरकार की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि पूर्व से पश्चिम, उत्तर से दक्षिणी और अटक से कटक तक लोग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ग नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए खड़ा है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनाव में दो प्रकार की विचारधाराएं मैदान में है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए है जो देश को प्रथम मानने वाले दल हैं और पूरे देश को परिवार मानकर काम कर रहे हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस व इंडी गठबंधन के लोग हैं जो अपने परिवार को आगे बढ़ाने और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
श्री धामी ने कहा कि पीएम मोदी बिना रूके हर पल और हर क्षण देशवासियों की सेवा में लगे हुए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 वर्षों में भारत का मान और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। मोदी सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए धारा-370 को खत्म किया, तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि इन दस वर्षों में सेना का मनोबल लगातार बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक से दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे लोगों की राम मंदिर की इच्छा को मोदी सरकार ने भव्य और दिव्य मंदिर बनाकर पूरा किया है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में काशी विश्नाथ कॉरिडोर, भगवान केदारनाथ का पुनर्निर्माण और पुनउर्त्थान हुआ है। मोदी सरकार ने केदारनाथ को दिव्य केदार बनाने का काम किया है। भगवान बद्रीनाथ के मास्टर प्लान पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केदारनाथ यात्रा आसान और कम समय की हो जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में चंद्रायान का स्थापित होना, आदित्य प्रक्षेपण, जी-20 की अपार सफलता से भारत का सम्मान दुनिया में बढ़ा है। देश दुनिया में भारत की शक्ति, भारत का सामर्थ्य और भारत की संस्कृति को दुनिया में ले जाने का काम मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के समय में दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी, लेकिन पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण भारत 11वें स्थान से छलांग लगाकर पांचवें स्थान पर पहुंचा है। मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जवला योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, जलजीवन मिशन जैसी अनेकों योजनाओं का लाभ गरीब लोगों को मिला है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तंज कसते हुए श्री धामी ने कहा कि पंजाब में ये दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे के खिलाफ भला-बुरा कह रहे हैं और हरियाणा में गठबंधन चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये दोनों दल लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सोच तो बड़ी घातक है। केजरीवाल बोलते थे एक भी आरोप लगा तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि अब केजरीवाल शराब घोटाला में बेल पर है और राजनीति कर रहे हैं।
श्री धामी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज अपनी परम्परागत सीट छोड़कर भाग रहे हैं। यह प्रमाण है कि कांग्रेस ने हार मान ली है। पूरी पार्टी का कहीं भी कोई मनोबल नहीं है। दक्षिण के राज्यों में कांग्रेस का जनाधार घट रहा है और भाजपा का जनाधार बढ़़ रहा है।
श्री धामी ने कहा कि रोहतक में भी कांग्रेस एक ही परिवार तक सिमटी हुई है। रोहतक की जनता ने पिछली बार परिवारवाद को पीछे छोड़कर विकासवाद को अपनाया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता इस बार परिवारवाद को छोड़कर विकास का साथ देगी। विपक्ष को स्लीपर सैल की तरह काम करने वाला बोलते हुए श्री धामी ने कहा कि ये लोग प्रोपगेंडा करने वाले लोग हैं, भ्रम फैलाने वाले लोग हैं।
पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए सीएम धामी ने कहा कि निश्चित रूप से कांग्रेस के समय कई घोटाले हुए हैं। रोहतक की जनता फिर से उन घोटालाबाजों का साथ नहीं देगी। केंद्र और हरियाणा भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि 10 वर्षों में एक भी घोटाला नहीं हुआ और ना ही किसी पर कोई आरोप लगा।
श्री धामी ने कहा कि 2014 से पहले की कांग्रेस सरकार में पर्ची और खर्ची का खेल चलता था। हरियाणा की मनोहर और नायब सरकार ने इन स्कैमों को बंद करने का काम किया है। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर कभी भी राजनीति का विषय नहीं रहा है, राम मंदिर हमारी आस्था है। राम हमारे साथ हर पल, हर क्षण चलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग खास वोट बैंक को साधने के लिए इस प्रकार की राजनीति कर रहे हैं। वोट बैंक नाराज ना हो जाए इसलिए वे लोग राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिलने पर भी नहीं गए।
पत्रकार द्वारा पूछे गए एक अन्य सवाल पर बोलते हुए श्री धामी ने कहा कि चार चरणों के चुनाव में भाजपा 270 सीटों के आस पास पहुंच गई है। बाकी तीन चरणों में जनता 400 पार सीटें जीताकर मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी। समान नागरिकता कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विधेयक बन चुका है। मोदी सरकार ने पूरे देश में इस कानून को लागू करने का संकल्प लिया है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ उत्त्तराखंड के मंत्री वीरेन रोहिला, अजमेर से सांसद भागीरथ चौधरी, रोहतक लोकसभा प्रभारी राजीव जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, भाजपा नेता संदीप जोशी, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक,भाजपा प्रवक्ता नेहा धवन, रोहतक मीडिया प्रभारी तरुण सन्नी शर्मा मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.