Tuesday, July 30, 2024

हरियाणा में कांग्रेस बाप-बेटे की जागिर, भाजपा जनता की पार्टी : बिप्लब देब


 कांग्रेस सरकार का गुंडाराज और काला इतिहास हरियाणा की जनता को मालूम है : बिप्लब देब


कांग्रेस का जातिगत जनगणना का सपना सिर्फ सपना बनकर ही रहेगा : देब

भाजपा का लक्ष्य गरीब, युवा, किसान और महिला को सशक्त करना है : देब


दिल्ली,  29  जुलाई।
 हरियाणा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी एवं सांसद बिप्लब कुमार देब ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस बाप-बेटे तक सीमित है। कांग्रेस अपने परिवारवाद के कारण कोई चुनावी समीकरण नहीं बना सकती। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और समीकरण बैठाने का काम भाजपा ही कर सकती है। श्री देब ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बननी तय है।
बिप्लब देब ने कहा कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव कभी एक जैसे नहीं होते। दोनों चुनावों के समीकरण अलग-अलग होते हैं। हरियाणा में विधानसभा के अनुसार अलग-अलग समीकरण है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी सही ढंग से समीकरण हैंडल करेगी उसी पार्टी की जीत भी निश्चित है और इसमें भाजपा फिट बैठती है।  श्री देब ने सोमवार को एक निजी समाचार चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस का 10 साल का शासन हरियाणा की जनता ने देखा है। हरियाणा में दलितों के जो हालात थे उसको जनता समझती है। कांग्रेस शासन में पंचकूला में महिला ने आग लगाकर मरना पड़ा, कांग्रेस का काला इतिहास लोगों को मालूम है।  कांग्रेस शासन में गुंडा राज था, बिजनेसमैन अपना बिजनेस सही ढंग से नहीं कर पाते थे, डंडे के दम पर उनकी दुकानें लूट ली जाती थी।
बिप्लब देब ने कहा कि पूर्व सीएम हुड्डा एक ही जिला के मुख्यमंत्री बनकर रहे। 2014 में भाजपा की पहली ऐसी सरकार बनी जिसका मुख्यमंत्री पूरे हरियाणा का बना। पूर्व सीएम मनोहर लाल ने सभी जिलों के लिए बिना भेदभाव के समान रूप से काम किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी पूरे हरियाणा के लिए काम कर रहे हैं।
सरकार की उपलब्धि बताते हुए बिप्लब देब ने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां मिली। भाजपा ने पारदर्शी शासन व्यवस्था और नीति प्रदेश के लोगों को दी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलते हैं, राहुल गांधी बचपना जैसी बातें करते हैं, 8500 रुपये हर महीना खटाखट देने की बात करते हैं। लोकसभा चुनाव में आरक्षण खत्म करने और संविधान बदलने की अफवाह और भ्रम की स्थिति पैदा कर कांग्रेस ने जनता के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि झूठ के दम पर एक बार चुनाव जीत सकते हैं बार-बार नहीं।
हरियाणा विधानसभा चुनाव सह प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस के लोग फ्यूचर के प्लान के बारे में कभी नहीं बोलते। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं ऐसा कहीं नहीं लगता। बजट चर्चा पर पूरी दुनिया ने देखा कि राहुल गांधी किस तरह बजट पर चर्चा करने की बजाए इधर-उधर की बातें करते रहे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लीडर की एक गरिमा होती है, जो राहुल गांधी में कहीं दिखाई नहीं देती। कांग्रेस तीन चुनाव के बाद भी 240 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई।
बिप्लब देब ने कहा कि कांग्रेस का जातिगत जनगणना का सपना सिर्फ सपना बनकर ही रहेगा। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि राहुल गांधी बताएं कि वो किस जाति से आते हैं।
बिप्लब कुमार देब ने आम आदमी पार्टी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की खुद की कोई गारंटी नहीं है। हरियाणा के लोग स्वाभिमानी हैं और उन्हें मुफ्त में कुछ नहीं चाहिए वे मेहनत करना जानते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव की एक कैमिस्ट्री होती है, सोशल समीकरण होते हैं और लीडरशिप होती है और ये तीनों खूबिया भारतीय जनता पार्टी के पास है।
बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवा, गरीब, महिला और किसान को सशक्त करने का काम किया है। आंगनवाड़ी और आशा वर्कर को वेतन सिर्फ हरियाणा में ही दिया जाता है। हरियाणा ही देश का ऐसा पहला राज्य है जहां 14 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है। श्री देब ने कहा कि भाजपा ढिंढोरा नहीं पीटती, बल्कि काम करके दिखाती है। भाजपा जातियों में नहीं बल्कि युवा, गरीब, महिला और किसान इन चार वर्गों में विश्वास करती है और इन वर्गों के विकास के लिए काम करती है। ये चारों वर्ग ही भाजपा के स्तंभ है। बिप्लब देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवी  सबसे बड़ी आर्थिक ताकत वाला देश बना है और जल्द ही तीसरी अर्थव्यवस्था वाला भारत मोदी के नेतृत्व में बनेगा।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.